जनसहयोग से संवरा तालाब: ग्राम पंचायत ठुकराल में जनभागीदारी से हुआ तालाब गहरीकरण बना जलसंवर्धन की मिसाल

उज्जैन : रविवार, अप्रैल 12, 2026

उज्जैन,12 अप्रैल। जिले की तराना जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत ठुकराल ने जलसंवर्धन के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। यहां सरपंच, सचिव और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से बिना किसी सरकारी खर्च के तालाब का गहरीकरण किया गया, जिसकी क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

    दरअसल, जनपद पंचायत सीईओ श्री प्रमोदकुमार सिंह ने हाल ही में आयोजित जलसंवर्धन कार्यशाला में सरपंचों और सचिवों को संबोधित करते हुए उन्हें जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विभिन्न सफल उदाहरणों के साथ ‘जहां चाह, वहां राह’ का संदेश देते हुए दशरथ मांझी का भी उल्लेख किया, जिससे उपस्थित जनप्रतिनिधि प्रेरित हुए।

      सीईओ के इन प्रेरक विचारों से प्रभावित होकर ठुकराल पंचायत के सरपंच और सचिव ने पहल की और आसपास के गांवों- ढाबला हरदू, परसोली, सामानेरा और कड़ाई के ग्रामीणों के साथ बैठक की। इसमें जलसंवर्धन की आवश्यकता और भविष्य में जल संकट की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

      ग्रामीणों ने इस पहल को गंभीरता से लेते हुए श्रमदान के माध्यम से तालाब गहरीकरण का कार्य शुरू किया। कुछ ही दिनों में सामूहिक सहयोग से तालाब को गहरा कर उसकी जलधारण क्षमता बढ़ा दी गई।

इस प्रयास से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिला है, बल्कि गांव में एकता और सहयोग की भावना भी मजबूत हुई है। ठुकराल ग्राम पंचायत की यह पहल अब अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणा बनती जा रही है।