किशोरी बालिकाओं में सर्वाईकल कैंसर की रोकथाम के लिए जिले में एच.पी.वी. निःशुल्क टीकाकरण अभियान

उज्जैन,। किशोरी बालिकाओं में सर्वाईकल कैंसर की रोकथाम के लिए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण संचालित किया जा रहा है। एचपीवी निःशुल्क टीकाकरण अभियान 28 फरवरी से आरंभ होकर आगामी 03 माह तक चलेगा। अभियान अंतर्गत 14 वर्ष से 15 वर्ष तक की बालिकाओं को एचपीवी का नि: शुल्क टीका लगाया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार इस अभियान में 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बालिकाओं को 90 दिन की विशेष छूट दी गई है।

      जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल द्वारा बताया गया कि उज्जैन जिले में अभी तक कुल 10121 बालिकाओं को एच.पी.वी. का टीका लग चुका है। 13 स्थानों पर टीके निःशुल्क लगाए जा रहे है। इनमें आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज उज्जैन, जिला चिकित्सालय चरक भवन उज्जैन, सिविल अस्पताल माधवनगर, सिविल अस्पताल जीवाजीगंज, सिविल अस्पताल महिदपुर, सिविल अस्पताल नागदा, सिविल अस्पताल खाचरौद, सिविल अस्पताल बडनगर के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घट्टिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरवर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झारडा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तराना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंगोरिया में टीके निःशुल्क लगाए जा रहे हैं।

      एचपीवी टीका पुर्णतः सुरक्षित है व किशोरी बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए प्रभावी है। अत: सभी अभिभावकों से अपिल है कि समस्त पात्र उम्र वर्ग की बालिकाओं को अपने नजदीकी टीकाकरण केन्द्र पर ले जाकर टीका अवश्य लगवाएं। अभियान अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु की वे बालिकाएं जिनका टीकाकरण पहले हो चुका है उनका पुनः टीकाकरण नहीं किया जाएगा।

उज्जैन की दुर्गेशनंदिनी शेखावत ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश के लिए गर्व का पल सृजित किया

उज्जैन जिले की पहली दिव्यांग खिलाड़ी ने पूरे मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया

उज्जैन,06 अप्रैल। शहर की श्रीनगर कॉलोनी, मक्सी रोड, गोपालपुरा निवासी सुश्री दुर्गेशनंदिनी शेखावत ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और उत्कृष्ट खेल कौशल से एक नई मिसाल कायम की है। गत दिनों गुवाहाटी (असम) में 25 से 28 मार्च 2026 तक आयोजित दूसरी पैरा नेशनल लॉन बाउल्स चैंपियनशिप में उन्होंने B8 डबल्स कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। सुश्री शेखावत को इस अवसर पर कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह और अपर कलेक्‍टर श्री शाश्‍वत शर्मा द्वारा बधाई दी गई और उनके उज्‍वल भविष्‍य की कामना की गई।

यह प्रतियोगिता ऑल असम लॉन बाउल्स एसोसिएशन के तत्वावधान में इंडियन लॉन बाउल्स फेडरेशन एवं पैरा ओलंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के संयुक्त संयोजन में आयोजित हुई थी। इसमें देश के 16 राज्यों के महिला एवं पुरुष दिव्यांग खिलाड़ियों ने भाग लिया। मध्य प्रदेश के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि दुर्गेशनंदिनी उज्जैन जिले की पहली दिव्यांग खिलाड़ी हैं जिन्होंने राष्ट्रीय पैरा लॉन बाउल्स प्रतियोगिता में पदक हासिल किया है। मैच में मध्य प्रदेश ने उत्तराखंड को 11-9 से हराया और हरियाणा को 12-7 से पराजित किया। इन दोनों जीतों के साथ दुर्गेशनंदिनी शेखावत ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया और मध्य प्रदेश पैरा लॉन बाउल्स टीम को गौरवान्वित किया।

मध्य प्रदेश पैरा लॉन बाउल्स एसोसिएशन के सचिव श्री सूर्यदत्त जोशी तथा टीम कोच श्री सक्षम प्रजापति ने दुर्गेशनंदिनी के शानदार प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की कामना की। यह उपलब्धि न केवल उज्जैन व मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह साबित करती है कि दिव्यांगता कोई बाधा नहीं, बल्कि नई ऊंचाइयों को छूने का प्रेरणास्रोत बन सकती है। सुश्री दुर्गेशनंदिनी शेखावत की यह सफलता उन सभी दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है जो कठिनाइयों के बावजूद सपनों को साकार करने की राह पर अग्रसर हैं।

कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना के कार्य में धीमी गति होने से निर्माण एजेंसी पर 10 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए

संभागायुक्त श्री सिंह ने हरियाखेड़ी जल संवर्धन परियोजना, सेवरखेड़ी- सिलारखेड़ी परियोजना, कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया

उज्जैन,06 अप्रैल।संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने सोमवार को सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत निर्माणाधीन हरियाखेड़ी जल संवर्धन परियोजना, सेवरखेड़ी- सिलारखेड़ी परियोजना, कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया। संभागायुक्त श्री सिंह ने सिलारखेड़ी-सेवरखेड़ी परियोजना का संचालन नेट जीरो एनर्जी के रूप में करने के लिए सेवरखेड़ी जलाशय के आसपास सोलर लगाने के प्लान तैयार करने के निर्देश दिए है। जलाशय के आस-पास सोलर लगने से पानी लिफ्ट करने के लिए पंप चलाने से जो बिजली खर्च होगी उसकी पूर्ति हो सोलर एनर्जी से होगी। इससे परियोजना का संचालन नेट जीरो एनर्जी से हो सकेगा। ग्रीन एनर्जी के साथ इस परियोजना का संचालन होगा और कार्बन क्रेडिट भी जनरेट होगा। संभागायुक्त श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना के कार्य में धीमी गति होने से निर्माण एजेंसी पर 10 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने नियमित निरीक्षण के दौरान सोमवार को सेवरखेड़ी-सिलारखेड़ी परियोजना के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण किया। मौके पर निर्माण एजेंसी द्वारा जानकारी दी गई कि सेवरखेड़ी जलाशय 300 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार किया जा रहा है। सेवरखेड़ी में बैराज का निर्माण कर मानसून के समय बैराज से 51 मिली घन मीटर जल को लिफ्ट (उद्वहन) कर सिलारखड़ी जलाशय में डाला जाएगा। जिसके लिए सिलारखेड़ी जलाशय का विस्तार टेंकनूमा आकृति में किया जा रहा है। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि 300 हेक्टेयर के जलाशय के आसपास सोलर लगाने का प्लान तैयार किया जाए। सोलर के माध्यम से पानी लिफ्ट कराने के लिए जो बिजली खर्च होगी उसे सोलर के माध्यम से प्राप्त किया जा सकेगा। इससे यह परियोजना नेट जीरो एनर्जी के माध्यम से संचालित हो सकेगी। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि आगामी वर्षा ऋतु के सीजन को देखते हुए महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य में एक दिन की भी देरी नही होना चाहिए।

संभागायुक्त श्री सिंह ने हरियाखेड़ी जल संवर्धन परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया। मौके पर जानकारी दी गई कि परियोजना के तहत निर्माणाधीन कार्य में सिविल वर्क के बाद पंप लगाने का कार्य किया जाएगा। दिसंबर 2027 तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। हरियाखेड़ी और गंभीर में दो नए जल संग्रहण कुओं का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना में नए जल शोधन संयंत्रों और 17 नए ओवरहेड टैंकों का निर्माण शामिल है। 708 किलोमीटर का एक नया पानी वितरण पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया जाएगा और पुरानी एसीपी पाइप लाइनों को बदला जाएगा। निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सिलाखेड़ी, गंभीर, उंडासा और साहिबखेड़ी को प्रमुख जल स्त्रोतों के रूप में उपयोग किया जाएगा।

संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि इस बात का ध्यान रखें कि शहर में जल कनेक्शन के लिए रोड़ निर्माण के पहले पाइप लाइन डाल दें। अन्यथा यह स्थिति नही हो कि रोड़ बनने के बाद पाइप लाइन डालने के लिए रोड़ को खोदना पड़े। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि शहर में जहां भी रोड़ निर्माण का कार्य प्रारंभ है वहां पहले से देखकर पाइप लाइन के लिए स्थान का चयन कर लें। श्री सिंह ने परियोजना के कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना कार्य धीमी गति होने पर एजेंसी पर 10 लाख रुपए की पेनल्टी लगाई

संभागायुक्त श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान गंगेड़ी पहुंचकर कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना के अंतर्गत चल रहे भूमिगत पाइप लाइन डालने के कार्य का निरीक्षण किया। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण एजेंसी के इंजीनियरों से कार्य प्रगति की जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि तेजी से कार्य किया जा रहा है, जबकि मौके पर एक क्रेन के माध्यम से कार्य किया जा रहा था। संभागायुक्त श्री सिंह द्वारा प्रतिदिन कार्य प्रगति की जानकारी लेने पर एजेंसी द्वारा संतोषजनक जबाव नही दिया गया। एजेंसी द्वारा ग्राम नलवा पर क्रेन से कार्य करने का हवाला देने पर संभागायुक्त श्री सिंह ने कार्य स्थल नलवा में वीडियो काल के माध्यम से कार्य प्रगति की जानकारी ली। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण कार्य धीमी गति से होने पर निर्माण कार्य करने वाली वेंसर रिवर बोल्ट एजेंसी पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

एक सप्ताह बाद फिर होगा निरीक्षण

 संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि वे स्वयं एक सप्ताह बाद वापस कार्य प्रगति देखने मौके पर आएंगे, यदि कार्य की गति नही बढ़ाई गई तो भारी पेनल्टी लगाई जाएगी। संभागायुक्त ने विभाग के अधिकारियों को भी प्रतिदिन किए जा रहे कार्य की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए है।

अमेरिका-ईरान तनाव पर भ्रामक दावे तेज, ट्रंप को लेकर सोशल मीडिया में उथल-पुथल

अंतरराष्ट्रीय समाचार

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर सोशल मीडिया और कुछ मंचों पर कई सनसनीखेज दावे सामने आ रहे हैं। इन दावों में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति Donald Trump के पद से हटाए जाने, परमाणु हमले की आशंका और White House के बाहर फायरिंग जैसी घटनाओं का जिक्र किया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


ट्रंप को हटाने के दावे, 25वें संशोधन की चर्चा

सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी कांग्रेस ने संविधान के 25वें संशोधन के तहत ट्रंप को पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के संवैधानिक कदम बेहद गंभीर होते हैं और उनकी आधिकारिक पुष्टि आवश्यक होती है, जो फिलहाल उपलब्ध नहीं है।


ईरान पर हमले और परमाणु युद्ध की आशंका

कुछ वीडियो और ऑडियो में यह दावा किया जा रहा है कि अमेरिका ईरान पर बड़े हमले की तैयारी कर रहा है, यहां तक कि परमाणु हमले की भी संभावना जताई जा रही है। वहीं, जवाबी कार्रवाई में ईरान द्वारा अमेरिका और इजराइल पर हमले की बातें भी कही जा रही हैं।

हालांकि, रक्षा विश्लेषकों का मानना है कि परमाणु हमले जैसे कदम वैश्विक स्तर पर गंभीर परिणाम ला सकते हैं और ऐसे निर्णय अत्यंत जटिल कूटनीतिक प्रक्रियाओं से जुड़े होते हैं।


व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग का दावा

वायरल कंटेंट में यह भी कहा गया है कि व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी हुई और हमलावर फरार हो गया। लेकिन अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों या आधिकारिक सूत्रों की ओर से ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं की गई है।


एआई वीडियो और भ्रामक सामग्री का खतरा

ईरान से जुड़े एक कथित वीडियो को लेकर भी दावा किया गया कि वह एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से बनाया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, आज के डिजिटल दौर में फर्जी वीडियो और भ्रामक सूचनाएं तेजी से फैलती हैं, जिससे आम जनता भ्रमित हो सकती है।


अंतरराष्ट्रीय हालात पर नजर जरूरी

मध्य पूर्व में पहले से ही तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, लेकिन मौजूदा समय में वायरल हो रहे कई दावे अपुष्ट और भ्रामक प्रतीत हो रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि नागरिक केवल विश्वसनीय और आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।

शहीद के संघर्ष और बलिदान की गाथा भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा : राज्यपाल श्री पटेल

राज्यपाल ने धार के अमर शहीद रवींद्र सिंह राठौर की प्रतिमा का किया अनावरण

भोपाल : रविवार, अप्रैल 5, 2026,

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने धार जिले के गौरव, अमर शहीद नायब सूबेदार रवींद्र सिंह राठौर की प्रतिमा का रविवार को अनावरण किया। शहीद की वीरता को नमन करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीद की स्मृति को चिरस्थाई बनाने की यह पहल और अटूट निष्ठा अनुकरणीय है।

राज्यपाल द्वारा शहीद की पत्नी श्रीमती प्रताप कंवर और उनके परिवारजन का आत्मीय सम्मान किया गया। नगर परिषद द्वारा बदनावर की माथुर कॉलोनी में नवनिर्मित शहीद पार्क में समारोह का भव्य आयोजन किया गया था।

राज्यपाल श्री पटेल ने शहीद रवींद्र सिंह के जीवन संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्राम पाना के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे रवींद्र सिंह ने सेना में भर्ती होने के लिए लगातार तीन बार प्रयास किए। उनकी यह जिद और देश सेवा का जज्बा ही उन्हें सेना तक ले गया। उन्होने बताया कि 9 जुलाई 2001 को जम्मू की सुरनकोट तहसील के जंगलों में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उनका बलिदान धार जिले सहित पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने परिसर में पौध-रोपण कर पर्यावरण-संरक्षण का संदेश दिया।

समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, क्षेत्रीय विधायक श्रीमती नीना वर्मा, पूर्व मंत्री श्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, नगर परिषद अध्यक्ष मीना शेखर यादव सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

आज के रोचक समाचार

आज हनुमान जयंती अनेक मंदिर सजाए गए अनेक स्थानों पर सुन्दरकाण्ड एवभण्डारो का आयोजन |

संध्या को बाबा बाल हनुमान की शोभा यात्रा निकले गी शहर में अनेक स्थानों पर स्वागत होगा |

उत्तम सवामी गेंग के अनेक धन कुबेर चेहरों के राज खुलेंगे|

शहर में विशेस रंगदारी वसूल करने वाली गेंग सक्रीय उसमे अनेक अधिकारी भी शरिख

गुंडा तत्वों पर नियंत्रण करने में पुलिस असफल

बगुला मुखी के मंदिर के संत रामनाथ जी का जन्म दिन संपन भक्तो की भीड़ लगी महंत श्री ने जन्मदिन के अवसर पर पत्रकारों का सम्मान किया |

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों से मुलाकात और चर्चा की

भोपाल : बुधवार, अप्रैल 1, 2026,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में बुधवार को केंद्रीय मंत्रियों और राज्य के संसद सदस्यों से मुलाकात कर प्रदेश के विकास संबंधी योजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय संचार और उत्तर पूर्वी  विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार से मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और संसदीय मामलों के राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन , केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके, केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर से भी मुलाकात की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल के साथ श्री महेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसके पहले मध्यप्रदेश के सांसदों से विकास के विभिन्न मुद्दों पर वन-टू-वन चर्चा की। प्रदेश के विभिन्न अंचलों में केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में संसद सदस्यों के साथ मध्यप्रदेश भवन में हुई बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

जिले के सभी स्कूलों में मनाया गया प्रवेश उत्सव

बच्चों को पुस्तकें एवं साइकिल वितरित की गई

मंदसौर : बुधवार, अप्रैल 1, 2026,

जिले के सभी शासकीय स्कूलों में आज प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता प्रीतेश चावला, पार्षदगण, जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री टेरेसा मिंज एवं बीआरसी श्री रामेश्वर डांगी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पाटीदार ने विद्यार्थियों से एकाग्रता के साथ शिक्षा ग्रहण कर उज्ज्वल भविष्य बनाने का आह्वान किया। जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री टेरेसा मिंज ने छात्राओं को निरंतर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं श्रीमती नम्रता चावला ने छात्राओं को हर परिस्थिति में आगे बढ़ने तथा एआई जैसी आधुनिक तकनीकों का अपने करियर में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।