14 जून को बनेगा इतिहास: दुनिया का सबसे बड़ा ऑनलाइन योग सत्र, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

आयुष मंत्रालय की पहल, लाखों लोगों को एक साथ योग से जोड़ने का प्रयास

उज्जैन, 3 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा एक ऐतिहासिक पहल की जा रही है। आगामी 14 जून 2026 को दुनिया का सबसे बड़ा ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस विशेष आयोजन में देश और विदेश के लाखों योग साधक, स्वास्थ्य प्रेमी और आम नागरिक एक साथ ऑनलाइन जुड़कर योग करेंगे।

आयुष मंत्रालय के अनुसार यह ऑनलाइन योग सत्र सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे (भारतीय समयानुसार) आयोजित होगा। इस दौरान प्रतिभागी अपने घर, कार्यालय, विद्यालय, कॉलेज या किसी भी स्थान से ऑनलाइन जुड़कर योगाभ्यास कर सकेंगे। आयोजन का उद्देश्य केवल विश्व रिकॉर्ड बनाना ही नहीं, बल्कि योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक शांति और वैश्विक सद्भाव का संदेश देना भी है।

योग के माध्यम से दुनिया को जोड़ने का प्रयास

भारत की प्राचीन योग परंपरा आज विश्वभर में लोकप्रिय हो चुकी है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हर वर्ष लाखों लोग योग कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। इसी कड़ी में इस बार आयुष मंत्रालय ने डिजिटल माध्यम से एक नया कीर्तिमान स्थापित करने का संकल्प लिया है।

मंत्रालय का मानना है कि ऑनलाइन माध्यम के जरिए दुनिया के विभिन्न देशों में रहने वाले लोग एक साथ जुड़ सकते हैं और योग को वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। इससे योग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को स्वस्थ जीवन अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।

ऐसे करें पंजीयन

इस विश्व रिकॉर्ड प्रयास में शामिल होने के लिए इच्छुक नागरिकों को 1800-315-7008 नंबर पर मिस्ड कॉल देना होगा। मिस्ड कॉल देने के बाद प्रतिभागियों को व्हाट्सएप पर ऑनलाइन योग सत्र का लिंक भेजा जाएगा।

इस अभियान में व्यक्ति विशेष के साथ-साथ विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, योग संस्थान, सामाजिक संगठन, कॉर्पोरेट संस्थान और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े संगठन भी भाग ले सकते हैं।

आयुष मंत्रालय ने की व्यापक भागीदारी की अपील

आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव श्रीमती मोनालिसा दास ने सभी नागरिकों, योग प्रशिक्षकों, शैक्षणिक संस्थानों, कॉर्पोरेट समूहों तथा वेलनेस समुदाय से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक रिकॉर्ड बनाने का प्रयास नहीं है, बल्कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

प्रधानमंत्री के विजन को मिलेगा बल

यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “योग फॉर वन एंड ऑल” के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने और इसे आधुनिक जीवन की चुनौतियों का समाधान बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

अधिक जानकारी यहां प्राप्त करें

आयुष मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनें और योग के माध्यम से विश्व रिकॉर्ड बनाने में योगदान दें। आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी आयुष मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल आयुष मंत्रालय तथा योग पोर्टल पर उपलब्ध है।

14 जून का यह आयोजन न केवल भारत की योग परंपरा को विश्व मंच पर नई पहचान देगा, बल्कि लाखों लोगों को स्वास्थ्य, सकारात्मकता और एकता के सूत्र में भी बांधेगा। योग प्रेमियों के लिए यह इतिहास रचने का सुनहरा अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *