उज्जैन की दुर्गेशनंदिनी शेखावत ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश के लिए गर्व का पल सृजित किया

उज्जैन जिले की पहली दिव्यांग खिलाड़ी ने पूरे मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया

उज्जैन,06 अप्रैल। शहर की श्रीनगर कॉलोनी, मक्सी रोड, गोपालपुरा निवासी सुश्री दुर्गेशनंदिनी शेखावत ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और उत्कृष्ट खेल कौशल से एक नई मिसाल कायम की है। गत दिनों गुवाहाटी (असम) में 25 से 28 मार्च 2026 तक आयोजित दूसरी पैरा नेशनल लॉन बाउल्स चैंपियनशिप में उन्होंने B8 डबल्स कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। सुश्री शेखावत को इस अवसर पर कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह और अपर कलेक्‍टर श्री शाश्‍वत शर्मा द्वारा बधाई दी गई और उनके उज्‍वल भविष्‍य की कामना की गई।

यह प्रतियोगिता ऑल असम लॉन बाउल्स एसोसिएशन के तत्वावधान में इंडियन लॉन बाउल्स फेडरेशन एवं पैरा ओलंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के संयुक्त संयोजन में आयोजित हुई थी। इसमें देश के 16 राज्यों के महिला एवं पुरुष दिव्यांग खिलाड़ियों ने भाग लिया। मध्य प्रदेश के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि दुर्गेशनंदिनी उज्जैन जिले की पहली दिव्यांग खिलाड़ी हैं जिन्होंने राष्ट्रीय पैरा लॉन बाउल्स प्रतियोगिता में पदक हासिल किया है। मैच में मध्य प्रदेश ने उत्तराखंड को 11-9 से हराया और हरियाणा को 12-7 से पराजित किया। इन दोनों जीतों के साथ दुर्गेशनंदिनी शेखावत ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया और मध्य प्रदेश पैरा लॉन बाउल्स टीम को गौरवान्वित किया।

मध्य प्रदेश पैरा लॉन बाउल्स एसोसिएशन के सचिव श्री सूर्यदत्त जोशी तथा टीम कोच श्री सक्षम प्रजापति ने दुर्गेशनंदिनी के शानदार प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की कामना की। यह उपलब्धि न केवल उज्जैन व मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह साबित करती है कि दिव्यांगता कोई बाधा नहीं, बल्कि नई ऊंचाइयों को छूने का प्रेरणास्रोत बन सकती है। सुश्री दुर्गेशनंदिनी शेखावत की यह सफलता उन सभी दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है जो कठिनाइयों के बावजूद सपनों को साकार करने की राह पर अग्रसर हैं।